Share this post with:
00 डौंडीलोहारा क्षेत्र के 30 सरपंचों के साथ हजारों ने किया भाजपा प्रवेश
डौंडीलोहारा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बालोद जिले के डौंडीलोहारा में महतारी वंदन योजना के बारे में बोलते हुए कहा कि मोदी की गारंटी में हर महीने महतारियों को एक हजार रूपये देने का वादा था, जिसके अंतर्गत हमने प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में पहली किश्त जारी की। मैं यहाँ की माताओं-बहनों को बता देना चाहता हूँ कि अब पहले सप्ताह में नहीं पहली तारीख में ही महतारी वंदन योजना की राशि हमारी सरकार द्वारा जारी कर दिया जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि 5 साल में कांग्रेस की सरकार ने भ्रष्टाचार और घोटाले की सारी हदें पार कर दी थी। शराब घोटाला किया जिसके दो काउंटर थे एक काउंटर का पैसा कांग्रेस सरकार के खाते में और दूसरे काउंटर का पैसा सोनिया-राहुल के खाते में जाता था। भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को कांग्रेस पार्टी का एटीएम बना दिया था। महादेव सट्टा एप बंद न हो, चलता रहे इसके लिए भूपेश बघेल पर 508 करोड़ रूपये प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप लगा है। जिस पर एफआईआर भी दर्ज हुई है। ये छत्तीसगढ़ के लिए कितनी शर्म की बात है। कांग्रेस सरकार ने महादेव सट्टा एप से प्रदेश के बच्चों के भविष्य को बर्बाद कर दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि मोदीजी ने 10 साल में गांव, गरीब, किसान, मजदूर सबकी सेवा की, उनको आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। मोदी सरकार सदैव गरीबों के लिए समर्पित रही है। मुख्यमंत्री बोले कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का मायका है इसलिए प्रभु राम हम सबके भांचा हैं। भव्य राम मंदिर के निर्माण से पूरे छत्तीसगढ़ वासी खुश हैं और गौरवान्वित हैं। मोदीजी ने पूरी दुनिया में 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान बढ़ाया। इसलिए हम सबका कर्तव्य है कि उनको तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएं।
आज की विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कांग्रेसियों के भाजपा प्रवेश से बेहद उत्साहित दिखे। डौंडीलोहारा क्षेत्र के 30 सरपंचों के साथ हजार से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के भाजपा प्रवेश पर मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी एक डूबता हुआ जहाज है। यहाँ तक कांग्रेस पार्टी को प्रत्याशी भी नहीं मिल रहे हैं।
Share this post with: